सात निश्चय योजनाओं एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


समाहरणालय, किशनगंज

दिनांक 27.06.2025

*सात निश्चय योजनाओं एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित*

जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सात निश्चय एवं सात निश्चय-2 योजना से संबंधित समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति एवं उपलब्धियों की गहन समीक्षा की गई।

सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की समीक्षा में पंचायती राज पदाधिकारी श्री जफर आलम द्वारा अवगत कराया गया कि गत वित्तीय वर्ष में लक्षित वार्डों की संख्या 1,250 थी, जबकि वर्तमान वित्तीय वर्ष में 505 वार्ड लक्षित किए गए हैं। इस प्रकार दोनों वित्तीय वर्षों को मिलाकर कुल 1,755 वार्ड लक्षित हैं। सोलर स्ट्रीट लाइट की कुल संख्या गत वर्ष तक 13,750 थी तथा चालू वित्तीय वर्ष में 550 अतिरिक्त लाइट लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे कुल लक्षित संख्या 18,800 हो जाएगी।

ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन – ग्रामीण क्षेत्र
डीआरडीए निदेशक ने जानकारी दी कि जिले के सभी 1,755 वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की सुविधा कार्यरत है। जिला पदाधिकारी महोदय ने उपभोक्ता शुल्क की शत-प्रतिशत वसूली हेतु विशेष अभियान संचालित करने का निर्देश दिया।

ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन – शहरी क्षेत्र
नगर परिषद किशनगंज के प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि नगर निकायों के कुल 75 वार्डों में पूर्व से 37,828 घर लक्षित थे, जिनमें 35,324 घरों में नल-जल की सुविधा उपलब्ध है। नवनिर्मित 6,445 घरों में से 2,654 घरों में जलापूर्ति सुनिश्चित की गई है। उपभोक्ता शुल्क संग्रहण की समीक्षा में पाया गया कि निर्धारित 37,978 घरों में से इस माह केवल 271 घरों से शुल्क वसूली की गई है, जिसे अत्यंत असंतोषजनक मानते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।

डेंगू एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम
बरसात के मौसम को देखते हुए डेंगू की रोकथाम हेतु समस्त शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में फॉगिंग मशीनों की जांच कर तत्परता बनाए रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही नगर परिषद को फॉगिंग की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।

बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम के लंबित कार्यों पर असंतोष
बैठक में बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम के कार्यों की समीक्षा के दौरान लंबित स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड मामलों पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने सहायक प्रबंधक (योजना) को चार कार्य दिवसों में सभी लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने तथा अन्यथा की स्थिति में स्पष्टीकरण सहित अनुशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही जिला योजना पदाधिकारी को जून माह के अंतिम चार दिवसों में DRCC में उपस्थित रहकर कार्यों का प्रत्यक्ष मूल्यांकन करने का निर्देश दिया।

योजना उपलब्धियां एवं प्रगति DRCC प्रबंधक श्री कुमार नितिन द्वारा बताया गया कि कुशल युवा कार्यक्रम के वित्तीय वर्ष 2025-26 के लक्ष्य लगभग पूर्ण कर लिए गए हैं। मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना में लक्ष्य की 11% तथा बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में 24% उपलब्धि प्राप्त हुई है। जिला पदाधिकारी महोदय ने क्रेडिट कार्ड एवं स्वयं सहायता भत्ता योजना में प्रगति में तेजी लाने तथा कुशल युवा कार्यक्रम की उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त किया।

कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को यह निर्देश दिया गया कि जहां कार्य अतिक्रमण के कारण बाधित हैं, वहां संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं को तत्काल नोटिस निर्गत कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री स्पर्श गुप्ता, निदेशक डीआरडीए, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सह योजना पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार सिंह, DRCC प्रबंधक श्री कुमार नितिन सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
किशनगज संवाददाता चंदन दास की रिपोर्ट

Jan Bharat 24
Author: Jan Bharat 24

Leave a Comment

और पढ़ें